पौधारोपण : श्री रुक्खड़ विहार में पौने 4 एकड़ में रोपे जाएंगे 700 से ज्यादा फलदार पौधे



पौधारोपण : श्री रुक्खड़ विहार में पौने 4 एकड़ में रोपे जाएंगे 700 से ज्यादा फलदार पौधे

ख़ैरागढ़ 00 माह भर चलने वाले श्रावण पर्व के तहत इस वर्ष श्री रुक्खड़ विहार में 700 से ज्यादा फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। लालपुर में पौने चार एकड़ में स्थित गौशाला परिसर में इस बार वृहद पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिसमें गौ वंशों के विहार और अन्य जीव जंतुओं के आहार को ध्यान में रखते हुए फ़लदार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। श्री रुक्खड़ स्वामी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष रामकुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में गौशाला में कुल 70 गौ वंश हैं,जिसमें कुछ गिर प्रजाति की गाएं और ज्यादातर देशी प्रजाति की गौ माता शामिल हैं। सभी गौ वंशों की सेवा व संरक्षण मंदिर ट्रस्ट के माध्यम से ही किया जा रहा है। सिंह ने बताया कि फलदार पौधों के रोपण के पीछे भी लक्ष्य जीव जंतुओं को आहार उपलब्ध कराना है। बीते सालों में यहाँ कुछ पौधों का रोपण किया गया था। जो अब बड़े हो चुके हैं। 



10 साल में विकसित हुई गौशाला 



पूर्व में उक्त भूमि पर अतिक्रमण था। साथ ही कुछ स्थल पर बड़े - बड़े गड्ढे हो चुके थे। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष भागवत शरण सिंह ने बताया कि धीरे धीरे ज़मीन को समतल कराकर गौशाला का निर्माण कराया गया। ज़मीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। और गिर प्रजाति की गौ वंशों के साथ छोड़ी गायों को भी स्थान दिया गया। सीमित संख्या में गायों को रखकर उनके बेहतर रख रखाव का लक्ष्य रखा गया है।



नाबार्ड करेगा सहयोग



श्री रुक्खड़ विहार में पौधारोपण में नाबार्ड भी सहयोग करेगा। जिसके ट्रस्ट समिति के सदस्यों से नाबार्ड के अधिकारियों की चर्चा चल रही है। न केवल वृहद स्तर पर पौधे रोपे जाएंगे। बल्कि उनको संरक्षित करने के लिए भी उचित उपाय किए जाएंगे।



आयोजित हुई बैठक



श्रावण महोत्सव में पौधारोपण को लेकर ट्रस्ट समिति की बैठक आयोजित हुई। जिसमें वृहद पौधारोपण की कार्ययोजना तैयार की गई। साथ श्रावण माह में ही पौधे रोपने का निर्णय लिया गया। 

Comments