खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव से पहले दमदार दस्तक की तैयारी में ‘आप’, वार्डों में मुद्दों पर होगा सर्वे और प्रत्याशी की तलाश भी


 

नगर पालिका चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों की हुई बैठक, संभावनाओं पर हुई चर्चा।

खैरागढ़ में वार्डों के आरक्षण के बाद से सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा व कांग्रेस के नेता अपनी जमीन तलाश रहे हैं। विभिन्न आयोजनों को भुनाने की होड़ मची हुई है। इस बीच आम आदमी पार्टी भी नगर की राजनीति में संभावनाएं तलाश रही है। खबर है कि नगर पालिका चुनाव में ‘आप’ भी दमदार दस्तक दे सकती है।

मंगलवार (2 फरवरी) को आम आदमी पार्टी की बैठक हुई, जिसमें विधानसभा के पदाधिकारियों की मौजूदगी में नगर के विभिन्न वार्डों की परिस्थितियों को लेकर मंथन किया गया। पता चला है कि पार्टी अपने स्तर पर वार्डों में सर्वे कराएगी। इसमें मुद्दों के साथ प्रत्याशियों की तलाश भी संभव है।

आपको बता दें कि इससे पहले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने मनोज गुप्ता को प्रत्याशी बनाकर क्षेत्र की राजनीति में दखल देने का प्रयास किया था। हालांकि वह असफल रहा, किन्तु नगर में पालिका चुनाव को लेकर अलग ही माहौल है। ऐसे में आप भी तीसरे विकल्प के तौर पर खुद को देख रही है। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री प्रफुल्ल बैस का स्वयं उपस्थित होना इस बात को साबित कर रहा है।

प्रफुल्ल बैस ने बताया कि मंगलवार को हुई बैठक में विधानसभा के पदाधिकारियों से चर्चा हुई है। सभी ने नगर में संगठन के विस्तार और नगर पालिका चुनाव की संभावनाओं को लेकर अपने सुझाव दिए हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष खेमराज वर्मा, विधानसभा अध्यक्ष मनोज गुप्ता सहित धनवन्तरि मिश्रा, नीलेश यादव, यज्ञ यादव, चित्रा देवी आदि मौजूद रहे।

Comments